@जे0 के0…….

Sonbhadra । केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को रामगढ़ कस्बे में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी छात्र सभा के प्रदेश सचिव अंकित सिंह राठौर एवं रामगढ़ ग्राम प्रधान बलराज मौर्य के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने रामगढ़ नहर से चतरा ब्लॉक तक पैदल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता तथा छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग उठाई।
पैदल मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं, परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों तथा छात्रों के हितों की अनदेखी का विरोध किया। मार्च के समापन पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए छात्र सभा के प्रदेश सचिव अंकित सिंह राठौर ने कहा कि देश के छात्रों के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था की अव्यवस्था से लाखों छात्र प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ रहे हैं और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा।ग्राम प्रधान बलराज मौर्य ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा और यदि सरकार छात्रों की आवाज को अनसुना करती रही तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।अंकित सिंह राठौर और बलराज मौर्य ने संयुक्त रूप से सरकार से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।प्रदर्शन में आकाश केशरी, अभय गुप्ता, मनोज कुशवाहा, रिंकू मौर्य, विवेक सोनी, साजिद अली, अमन मौर्य, मुस्ताक, आदित्य सोनी, बादल सिंह, अमीन अंसारी, अंकित यादव, रोशन सोनी, अंगद यादव सहित सैकड़ों छात्र शामिल रहे।





