@जे0 के0…..

Sonbhadra। एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को विभिन्न मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय एवं जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। संघ ने अपनी मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग करते हुए अधिकारियों का ध्यान समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया।

संघ के जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश स्तर पर कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसरों की मांगों को लेकर संगठन लगातार प्रयासरत है। इसके बावजूद अपेक्षित समाधान नहीं होने पर प्रदेश के सीएचओ आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे।

संघ की ओर से कहा गया कि आगामी 30 सितंबर 2026 से लखनऊ के ईको गार्डन में शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना प्रस्तावित है। पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों के समाधान के लिए संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात शासन-प्रशासन के समक्ष रखेगा।

इस दौरान जिलाध्यक्ष रोहित, विनोद और राजावीर समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। संघ ने अधिकारियों से मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई।