संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…..

नगर के शिवापार्क में किराए की दुकान लेकर मोबाइल रिपेयरिंग का काम करने वाले एक युवक का गुरुवार को कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओबरा के चूड़ी गली निवासी शिवशंकर अग्रहरि के 36 वर्षीय पुत्र रवि अग्रहरि पिछले करीब पांच महीने से रेणुकूट के शिवापार्क में किराए पर दुकान लेकर मोबाइल रिपेयरिंग का काम कर रहे थे। दुकान के समीप ही वह किराए के मकान में रहते भी थे, गुरुवार की दोपहर वह अपनी दुकान बंद कर कमरे पर पहुंचे और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

दोपहर करीब तीन बजे जब उनसे मिलने के लिए एक व्यक्ति कमरे पर पहुंचा तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इस पर दरवाजे से झांककर देखा गया तो रवि कमरे के अंदर पंखे के सहारे फंदे से लटके हुए दिखाई दिए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

टीम ने कमरे से मोबाइल फोन सहित अन्य जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम संबंधी कार्रवाई के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।