#Digital sarve team…..
“Sonbhadra Live News (SL News)” के विधायक रिपोर्ट कार्ड सर्वे में सामने आई जनता की नाराजगी, सड़क, स्वास्थ्य, रोजगार और जनसंपर्क बने प्रमुख मुद्दे; प्रतिभागियों की राय में वर्तमान विधायक के कामकाज पर उठे सवाल

Sonbhadra । वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव से पहले जनप्रतिनिधियों के कामकाज और क्षेत्र में हुए विकास को लेकर जनता की राय भी सामने आने लगी है। इसी क्रम में सोनभद्र लाइव न्यूज की ओर से शुरू किए गए विधायक रिपोर्ट कार्ड सर्वे में शामिल प्रतिभागियों की प्रतिक्रियाओं ने कई महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत दिए हैं। सर्वे में वर्तमान विधायक के कामकाज से असंतोष, जनसंपर्क की कमी और आगामी चुनाव में नए चेहरे को प्राथमिकता देने की बात सामने आई है।

सर्वे में शामिल प्रतिभागियों की राय के अनुसार, वर्तमान विधायक को दोबारा मौका देने के सवाल पर 81.7 प्रतिशत लोगों ने नकारात्मक जवाब दिया। वहीं 11.7 प्रतिशत ने फिर से अवसर देने के पक्ष में राय जताई। पांच प्रतिशत ने अभी निर्णय नहीं लेने की बात कही, जबकि 1.7 प्रतिशत ने शायद में जवाब दिया। हालांकि ये आंकड़े केवल सर्वे में शामिल लोगों की राय हैं, इन्हें पूरे विधानसभा क्षेत्र का जनमत नहीं माना जा सकता।
विधायक के कामकाज से 60 प्रतिशत प्रतिभागी असंतुष्ट;
विधायक के कामकाज को लेकर 50 प्रतिशत प्रतिभागियों ने असंतुष्टि और 10 प्रतिशत ने बहुत अधिक असंतुष्टि जताई। वहीं 11.7 प्रतिशत लोग संतुष्ट और 1.7 प्रतिशत बहुत संतुष्ट रहे। 26.7 प्रतिशत प्रतिभागियों ने कामकाज को सामान्य बताया। इन आंकड़ों से सर्वे में शामिल लोगों के बीच वर्तमान कार्यशैली को लेकर असंतोष का संकेत मिलता है।

जनसंपर्क और समस्याओं के समाधान पर उठे सवाल;
जनता से संपर्क के सवाल पर 40 प्रतिशत लोगों ने कहा कि विधायक बहुत कम उपलब्ध होते हैं, जबकि 30 प्रतिशत ने कभी मुलाकात नहीं होने की बात कही। समस्याओं के समाधान को लेकर भी 51.7 प्रतिशत प्रतिभागियों ने नकारात्मक प्रतिक्रिया दी। वहीं 35 प्रतिशत ने माना कि कुछ मामलों में उनकी समस्याओं का समाधान हुआ है। जनप्रतिनिधि की उपलब्धता और जनता की समस्याओं पर कार्रवाई सर्वे में अहम मुद्दे बनकर उभरे।
सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार सबसे बड़े मुद्दे;

क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर सड़क एवं आवागमन को 60 प्रतिशत, स्वास्थ्य सुविधाओं को 50 प्रतिशत, रोजगार को 45 प्रतिशत, पेयजल को 43.3 प्रतिशत और बिजली को 36.7 प्रतिशत प्रतिभागियों ने प्रमुख मुद्दा बताया। वहीं शिक्षा को 28.3 प्रतिशत लोगों ने महत्वपूर्ण समस्या माना। इससे स्पष्ट है कि बुनियादी सुविधाओं और रोजगार को लेकर लोगों की अपेक्षाएं अभी भी बनी हुई हैं।
नए चेहरे को लेकर दिखा उत्साह; आगामी विधानसभा चुनाव में पसंद के सवाल पर 40 प्रतिशत प्रतिभागियों ने नए चेहरे को प्राथमिकता दी, जबकि 36.7 प्रतिशत ने विपक्ष के नए उम्मीदवार के पक्ष में राय जताई। वर्तमान विधायक को दोबारा मौका देने के पक्ष में 11.7 प्रतिशत लोग रहे। इतने ही प्रतिशत प्रतिभागियों ने कोई राय नहीं दी। यह आंकड़ा नए राजनीतिक विकल्पों के प्रति लोगों की रुचि का संकेत देता है।
विकास कार्यों की स्थिति पर भी जताई नाराजगी;
विकास कार्यों को लेकर 43.3 प्रतिशत प्रतिभागियों ने विकास को कम और 25 प्रतिशत ने बहुत कम बताया। 23.3 प्रतिशत ने कुछ हद तक विकास होने की बात कही। वहीं 6.7 प्रतिशत ने विकास को अच्छा और 1.7 प्रतिशत ने बहुत अच्छा माना। विधायक को 10 में से अंक देने के सवाल पर सबसे अधिक 33.3 प्रतिशत लोगों ने चार अंक, जबकि 26.7 प्रतिशत ने तीन अंक दिए।

प्रदेश की राजनीति पर भी रखी राय;
प्रदेश में अगली सरकार को लेकर 58 प्रतिभागियों की राय में भाजपा को 48.3 प्रतिशत और समाजवादी पार्टी को 43.1 प्रतिशत समर्थन मिला। इंडिया गठबंधन को 5.2 प्रतिशत, जबकि बसपा और अन्य को 1.7-1.7 प्रतिशत समर्थन प्राप्त हुआ।
“Sonbhadra Live News” की सर्वे टीम के अनुसार विधायक रिपोर्ट कार्ड सर्वे अभी प्रारंभिक चरण में है। इसमें लोगों से विधायक के कामकाज, जनसंपर्क, विकास कार्यों और क्षेत्रीय समस्याओं पर राय ली जा रही है। प्रतिभागियों की संख्या बढ़ने के साथ आंकड़ों और रुझानों में बदलाव संभव है। यह सर्वे चुनावी परिणाम की भविष्यवाणी नहीं, बल्कि इसमें शामिल 100 लोगों की राय को सामने लाने की पहल है। सर्वे आगे भी जारी रहेगा, ताकि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले जनता की अपेक्षाओं और क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जा सके।