ब्यूरो@जे0 के0/@संजय सिंह……
Inactive CSC ID को एक्टिव कराने के बहाने जनसेवा केंद्र संचालकों से हासिल करते थे यूजर आईडी-पासवर्ड, दूसरों के दस्तावेजों पर भी बनाई फर्जी आईडी; साइबर अपराधियों को बेचते थे डिजिटल रास्ता

Sonbhadra। जनसेवा केंद्रों की CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) आईडी का दुरुपयोग कर लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का सोनभद्र पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर क्राइम पुलिस थाना की टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पल्सर बाइक बरामद की है। जांच में सामने आया है कि आरोपी जनसेवा केंद्र संचालकों की निष्क्रिय CSC आईडी को दोबारा चालू कराने के नाम पर यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल करते थे। इसके बाद पासवर्ड बदलकर ये आईडी साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा देते थे, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की वारदातों में किया जाता था।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जनपद में साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी/सहायक नोडल अधिकारी के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम पुलिस थाना ने मुकदमा अपराध संख्या 13/2026, धारा 318(4) एवं 66(D) के तहत दर्ज मामले की जांच करते हुए गिरोह तक पहुंच बनाई।

Inactive आईडी को बनाते थे ठगी का हथियार:
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि जनसेवा केंद्रों से जुड़े कार्यों में संविदा पर नियुक्त आशीष कुमार पाण्डेय इस पूरे खेल में अहम भूमिका निभा रहा था। वह जनपद के विभिन्न जनसेवा केंद्र संचालकों से उनकी बंद पड़ी CSC आईडी को दोबारा एक्टिव कराने का झांसा देकर यूजर आईडी और पासवर्ड प्राप्त करता था। इसके बाद पासवर्ड बदलकर संबंधित आईडी साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा दी जाती थी।

इतना ही नहीं, आरोपी दूसरे लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से नई CSC आईडी भी बनवाते थे। इन आईडी का सत्यापन कराकर उन्हें एक्टिवेट किया जाता और फिर साइबर ठगों को सौंप दिया जाता था। इस तरह असली पहचान और जनसेवा केंद्रों की डिजिटल आईडी के सहारे साइबर अपराधियों के लिए ठगी का नेटवर्क तैयार किया जा रहा था।

दूसरों के नाम पर बनी आईडी से फंस रहे थे निर्दोष लोग:
जांच में विशाल पटेल निवासी सुकृत, सुशील कुमार, रमेश कुमार गुर्जर निवासी कन्हरा (ओबरा) और सविता पत्नी रूपनाथ प्रजापति के नाम सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, विशाल पटेल ने बैंक खाता खुलवाने के उद्देश्य से जनसेवा केंद्र पर अपने दस्तावेज दिए थे, लेकिन उन्हीं दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से CSC आईडी तैयार कर दी गई। इसी तरह एक छात्र के नाम पर भी CSC आईडी बनाकर उसका इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी में किया गया।
वहीं, रमेश कुमार गुर्जर और सविता के जनसेवा केंद्रों के माध्यम से भी ऑपरेटर आईडी बनाकर साइबर अपराध किए जाने की बात जांच में सामने आई है।
गुजरात पुलिस की गिरफ्तारी के बाद खुला पूरा मामला:

इस मामले में पीड़ित विशाल पटेल की आपबीती ने पूरे नेटवर्क की गंभीरता उजागर कर दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पहचान और CSC आईडी के गलत इस्तेमाल के कारण गुजरात पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। बाद में उन्हें जमानत करानी पड़ी। यानी साइबर अपराधियों की करतूत का खामियाजा उन लोगों को भुगतना पड़ा, जिनके दस्तावेजों और पहचान का दुरुपयोग किया गया था।
पीड़ित की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया। जांच में संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

मिर्जापुर और वाराणसी के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी:
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष कुमार पाण्डेय पुत्र सुखनन्दन पाण्डेय निवासी उस्मानपुर, थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर तथा अभय कुमार गौंड पुत्र शंकर प्रसाद गौंड निवासी नवापुरा, थाना सारनाथ, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पल्सर बाइक बरामद की है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी, उपनिरीक्षक आशीष पटेल, हेड कांस्टेबल शिवनन्दन सिंह यादव, संजय कुमार वर्मा, योगेश यादव और कांस्टेबल सुनील रावत शामिल रहे।
पुलिस की कार्रवाई से साइबर ठगी के उस तरीके का खुलासा हुआ है, जिसमें अपराधी खुद के बजाय दूसरे लोगों की पहचान और डिजिटल दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उन्हें कानूनी मुसीबत में फंसा देते हैं।