संवाददाता@रामबली मिश्रा……
11 हजार रुपये नकद, अंगवस्त्र, लेखनी, पुस्तिका एवं प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित

शहीद स्थल करारी के प्रमुख एवं वरिष्ठ कवि प्रदुम्न त्रिपाठी एडवोकेट का भदोही जनपद के सुरियावां में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में सारस्वत अभिनंदन किया गया। 10 नवंबर को बाबू दूरी सिंह की सरजमीं पर आयोजित राजा वेणीमाधव बख्श सिंह एवं वीरा पासी स्मृति अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में उन्हें साहित्यिक योगदान के लिए 11 हजार रुपये नकद, अंगवस्त्र, लेखनी, पुस्तिका एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

यह सम्मान संगम साहित्य संस्थान निगोह, जौनपुर एवं भदोही अखिल भारतीय कवि सम्मेलन समिति के संयुक्त आयोजन में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में ओज कवि संदीप कुमार बालाजी, प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिंह पंकज एवं भाजपा के भावी विधायक प्रत्याशी के करकमलों से प्रदुम्न त्रिपाठी को सम्मानित किया गया।

कवि प्रदुम्न त्रिपाठी को मिले इस सम्मान से जनपद सोनभद्र के साहित्यकारों, अधिवक्ताओं एवं उनके शुभचिंतकों में हर्ष व्याप्त है। लोगों ने इसे जिले के साहित्यिक जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।