मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..19 नवंबर को होगी 41वीं अखिल भारतीय प्रियदर्शिनी इंदिरा मैराथन एवं हाफ मैराथन प्रतियोगिता

खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता और हुनर दिखाने का अवसर मिलने जा रहा है। प्रयागराज में 19 नवंबर को 41वीं अखिल भारतीय प्रियदर्शिनी इंदिरा मैराथन एवं हाफ मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें सोनभद्र के इच्छुक पुरुष एवं महिला धावक भी प्रतिभाग कर सकेंगे।

जिला खेल कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार प्रतियोगिता में 42.195 किलोमीटर की पूर्ण मैराथन और 21.097 किलोमीटर की हाफ मैराथन दौड़ आयोजित होगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धावकों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

जिला खेल कार्यालय ने जनपद के युवा खिलाड़ियों एवं धावकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है। इच्छुक खिलाड़ी अपना पंजीकरण विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम, रॉबर्ट्सगंज स्थित जिला खेल कार्यालय में संपर्क कर करा सकते हैं।

पंजीकरण की अंतिम तिथि 18 नवंबर निर्धारित की गई है। इसके अलावा ऑनलाइन पंजीकरण के लिए www.indiramarathon.co.in पर आवेदन किया जा सकता है। जिला खेल कार्यालय ने खिलाड़ियों से समय रहते पंजीकरण कराकर प्रतियोगिता में शामिल होने और जनपद का नाम रोशन करने की अपील की है।