ब्यूरो@जे0 के0…..
चोपन सीएचसी में कराया गया भर्ती, हालत गंभीर; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

Sonbhadra। डाला पुलिस चौकी क्षेत्र के डाला बारी स्थित खनन क्षेत्र में गुरुवार देर शाम हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को पुलिस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल की पहचान जगदीश कोल (45 वर्ष), पुत्र दादूलाल, निवासी कोल बस्ती चकदहिया, डाला बारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम वह बाइक से किसी काम के सिलसिले में डाला बारी क्रेशर प्लांट की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान अचानक वह एक हाईवा की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल डाला पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बिना देर किए घायल को किसी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।

खनन क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद एक बार फिर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आनी बाकी है।