संवाददाता@अनिल अग्रहरी…..

चोपन थाना क्षेत्र के परासपानी वन विभाग की बंद चौकी के समीप वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मामूली रूप से चोटिल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, गढ़वा (झारखंड) के नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के मगरदाहा निवासी ओमप्रकाश सिंह पुत्र बच्चा सिंह अपने साथी विकास कुमार पुत्र स्व. लल्लन के साथ बाइक से रॉबर्ट्सगंज से गढ़वा लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक परासपानी वन विभाग की बंद चौकी के पास पहुंची, सड़क की जर्जर और उबड़-खाबड़ स्थिति के कारण बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में ओमप्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पीछे बैठे विकास कुमार को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने बिना देर किए घायल युवक को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग की बदहाल सड़क की स्थिति पर चिंता जताते हुए शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।





