संवाददाता@विशाल टंडन……
— विभिन्न दलों और संगठनों ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन, युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा

सोनम वांगचुक के समर्थन और कथित नीट पेपर लीक प्रकरण को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी, सीपीएम, सीपीआई (माले), आजाद समाज पार्टी तथा अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने रॉबर्ट्सगंज में विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ौली चौक से निकले प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी सदर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक के साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया और शांतिपूर्ण प्रदर्शन को बलपूर्वक रोकने का प्रयास किया। उन्होंने मामले की न्यायिक जांच कराए जाने तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकार की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कड़ा कानून बनाने, युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई गई। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रविकांत ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान होना चाहिए। सीपीएम के जिला सचिव नंदलाल आर्य ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की। अपनी जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष सुशीला वर्मा ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

आप नगर अध्यक्ष धीरेंद्र पटेल ने कहा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए। प्रदर्शन में ज्योति जंग सिंह, नीरज पांडे, सीपीआई (माले) के जिला सचिव कलीम, केवल सिंह कुशवाहा, श्रीकांत तिवारी, रिजवान खान, प्रकाश चौरसिया और राकेश भारती सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।





