Last Updated:
Sangram Singh becomes STRIKE Asia Champion: रिंग में भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर था. हुंकार भरते हुए भारत के दिग्गज एमएमए फाइटर संग्राम सिंह ने जैसे ही कदम आगे बढ़ाए, पूरा स्टेडियम गूंज उठा. मुकाबला शुरू होते ही संग्राम ने आक्रामक रुख अपनाया और सटीक प्रहारों की ऐसी झड़ी लगाई कि पाकिस्तानी खिलाड़ी मोहम्मद आबिद अली को संभलने का मौका ही नहीं मिला. महज 80 सेकंड के भीतर संग्राम ने आबिद को नॉकआउट कर ‘स्ट्राइक एशिया’ खिताब अपने नाम कर लिया और यह ऐतिहासिक जीत 147 करोड़ देशवासियों को समर्पित की.
संग्राम सिंह ने पाकिस्तानी रेसलर को हराया.
कुआलालंपुर (मलेशिया). भारत के दिग्गज पहलवान और मिश्रित मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी संग्राम सिंह ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाया है. भारत और पाकिस्तान के बीच खेल के मैदान पर होने वाली हर भिड़ंत रोमांच की पराकाष्ठा होती है, लेकिन इस बार संग्राम सिंह ने इस बहुचर्चित मुकाबले को एकतरफा साबित कर दिया. ‘स्ट्राइक एशिया’ चैंपियनशिप के इस महामुकाबले में संग्राम सिंह ने पाकिस्तान के मोहम्मद आबिद अली को महज 1 मिनट 20 सेकंड (80 सेकंड) में नॉकआउट करते हुए एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की और चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया.
मुकाबला शुरू होते ही संग्राम सिंह (Sangram Singh) के इरादे पूरी तरह साफ थे. उन्होंने मैच के पहले ही दौर में आक्रामक रणनीति अपनाई और पाकिस्तानी फाइटर पर भारी पड़ गए. संग्राम ने रिंग में उतरते ही सटीक और दमदार प्रहारों की झड़ी लगा दी, जिसने आबिद अली को संभलने का एक पल भी मौका नहीं दिया.
संग्राम सिंह ने पाकिस्तानी रेसलर को हराया.
संग्राम की फुर्ती और तकनीक का पाकिस्तानी खिलाड़ी के पास कोई जवाब नहीं था. महज 80 सेकंड के भीतर संग्राम ने ऐसा निर्णायक दांव खेला कि आबिद अली रिंग में ढेर हो गए और रेफरी को मैच रोकने के लिए मजबूर होना पड़ा. इस धमाकेदार जीत के साथ ही संग्राम सिंह ने एमएमए (MMA) में अपने अपराजित पेशेवर रिकॉर्ड (Unbeaten Pro Record) को भी शान से बरकरार रखा है.
147 करोड़ देशवासियों और भारत माता को समर्पित की जीत
खिताब जीतने के बाद संग्राम सिंह काफी भावुक नजर आए। उन्होंने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय पूरे देश को दिया. संग्राम ने कहा, ‘ यह जीत मेरे देश भारत के 147 करोड़ देशवासियों को समर्पित है. जब भी मैं रिंग में मुकाबले के लिए उतरता हूं, तो मेरे दिमाग में सिर्फ अपनी जीत नहीं, बल्कि पूरे देश की उम्मीदें और हमारे तिरंगे का सम्मान होता है. यह खिताब भारत माता को समर्पित है.’
उन्होंने आगे कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ जीतना नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार देश का गौरव बढ़ाना और भारत के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है. वह चाहते हैं कि देश के युवा फिट रहें और मार्शल आर्ट्स जैसे खेलों में आगे आएं.
अंतरराष्ट्रीय मंच पर संग्राम का दबदबा
यह पहली बार नहीं है जब संग्राम सिंह ने किसी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराया हो. इससे पहले भी वे दुनिया के कई दिग्गज फाइटर्स को धूल चटा चुके हैं. संग्राम के अचूक दांव-पेचों के सामने पाकिस्तान के अली रजा नासिर, ट्यूनीशिया के हाकिम त्राबेलसी और फ्रांस के फ्लोरियन कूडियर जैसे नामी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी घुटने टेक चुके हैं.
‘स्ट्राइक एशिया’ चैंपियनशिप की इस ताजा जीत ने यह साबित कर दिया है कि कुश्ती के बाद अब मिश्रित मार्शल आर्ट्स (एमएमए) की दुनिया में भी संग्राम सिंह का सिक्का मजबूती से जम चुका है. इस बड़ी जीत के बाद सोशल मीडिया से लेकर खेल जगत तक संग्राम सिंह को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें







