संवाददाता@विशाल टंडन……

राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के पवर गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में सड़क किनारे स्थित कच्ची दीवार ढहने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर युवक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, डेहरी कला गांव निवासी 23 वर्षीय अवधेश पुत्र बबलू शनिवार को राबर्ट्सगंज बाजार से धान की नर्सरी में उगी घास नष्ट करने की दवा खरीदकर लौट रहे थे। रास्ते में पवर गांव स्थित अपनी मौसी के घर कुछ देर रुकने के बाद शाम करीब सात बजे वह बाइक से अपने गांव के लिए निकले। घर से कुछ ही दूरी आगे बढ़े थे कि सड़क किनारे बनी एक कच्ची दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। दीवार का मलबा सीधे अवधेश और उनकी बाइक पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मलबे में दब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल मलबा हटाकर घायल युवक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर पहुंची राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।






