संवाददाता@ख्वाजा खान……

बभनी थाना क्षेत्र के चौना गांव में शनिवार रात जहरीले सांप के डंसने से एक अधेड़ किसान की मौत हो गई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार चौना ग्राम पंचायत के कोरहट्टी टोला निवासी लल्लू कोरवा (49) पुत्र विद्या प्रसाद कोरवा शनिवार रात करीब नौ बजे धनखोर बाजार से अपने घर लौटे थे। घर के बाहर कुछ देर चबूतरे पर बैठने के बाद जैसे ही वह घर के अंदर जाने लगे, तभी एक जहरीले सांप ने उन्हें डंस लिया।
सर्पदंश के बाद लल्लू ने स्वयं परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन घर से कुछ ही दूरी पर उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक की पत्नी सोनमती का रो-रोकर बुरा हाल है। लल्लू अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और तीन पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। तीनों पुत्रियों का विवाह हो चुका है, जबकि उनका इकलौता पुत्र चेन्नई में रहकर मजदूरी करता है। घटना की सूचना उसे भी दे दी गई है।
ग्राम प्रधान दीनदयाल जायसवाल की सूचना पर बभनी पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।





