संवाददाता@बद्री प्रसाद……
— बारिश से पहले ही टूटी जिला पंचायत की नाली, डीएम से जांच व कार्रवाई की मांग

सदर विकास खंड क्षेत्र के सलखन स्थित मुनगा टोला में जिला पंचायत निधि से लगभग एक वर्ष पूर्व निर्मित 150 मीटर लंबी पक्की नाली पहली ही बरसात से पहले क्षतिग्रस्त हो गई। नाली टूटने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों में इसे लेकर आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार हरहिया पहाड़ी पुलिया से बाबा गुप्ता के घर तक करीब 150 मीटर लंबी पक्की नाली का निर्माण जिला पंचायत कोटे से कराया गया था। लेकिन निर्माण के एक वर्ष के भीतर ही नाली कई स्थानों पर टूट गई, जिससे बारिश का पानी नाली में बहने के बजाय सड़क पर फैल रहा है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है, जिसके चलते यह समय से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं जिलाधिकारी से स्थलीय निरीक्षण कराकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा दोषी जिम्मेदारों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही क्षतिग्रस्त नाली का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की भी मांग उठाई है।





