संवाददाता@अमिताभ मिश्रा….

जनपद सोनभद्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो युवकों को 2 किलो 916 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के निर्देशन में थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार गुरुवार को डोंगिया नाला घाट पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान सुबह दो संदिग्ध युवकों को रोका गया।

तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद दो झोलों से कुल 2 किलो 916 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर थाना पिपरी लाया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कपिल उर्फ बैला पुत्र स्वर्गीय पकौड़ी तथा विश्वकर्मा कुमार पुत्र राजा मद्रासी, दोनों निवासी वार्ड नंबर-1, मलिन बस्ती तुर्रा, थाना पिपरी, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना पिपरी में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे, महिला उपनिरीक्षक रीता यादव, हेड कांस्टेबल शेषनाथ पाण्डेय, किशन यादव, राजेश कुमार पासवान तथा आरक्षी निगम वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






