संवाददाता@विशाल टंडन….
— योग्य एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलेगा एक और अवसर, ऑनलाइन आवेदन जारी

मेजर ध्यानचंद्र खेल विश्वविद्यालय, मेरठ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई 2026 कर दी गई है। यह जानकारी क्रीड़ा अधिकारी सोनभद्र समीम अहमद ने दी।उन्होंने बताया कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के पत्र के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है।
इसका उद्देश्य अधिक से अधिक योग्य एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रवेश का अवसर प्रदान करना तथा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचाना है। क्रीड़ा अधिकारी ने जनपद के सभी खिलाड़ियों एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि जो खिलाड़ी अब तक किसी कारणवश आवेदन नहीं कर सके हैं, वे 31 जुलाई 2026 तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।

विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रवेश संबंधी सभी दिशा-निर्देश एवं विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी www.sportsuniup.com के माध्यम से आवेदन कर विश्वविद्यालय में प्रवेश का लाभ उठा सकते हैं। खिलाड़ियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है।





