संवाददाता@रामबली मिश्रा…….

क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। रुक-रुक कर हो रही हल्की बारिश के कारण किसानों को पंपसेट के सहारे सिंचाई कर रोपाई करानी पड़ रही है, जिससे खेती की लागत बढ़ गई है। दूसरी ओर अनियमित बिजली आपूर्ति और डीजल के बढ़ते दाम किसानों की मुश्किलें और बढ़ा रहे हैं।

जरहा-चेतवा स्थित बघेल फार्म हाउस में गुरुवार से धान की रोपाई का कार्य शुरू हो गया। फार्म के कृषि प्रबंधक राहुल सिंह ने बताया कि पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण पंप से सिंचाई कर रोपाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि बिजली की अनियमित आपूर्ति के चलते सिंचाई में दिक्कतें आती हैं और डीजल की बढ़ती कीमतों से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है।

किसान श्याम सुंदर जायसवाल, त्रिरथ गुर्जर, रोहित सिंह, लल्लू बाबू और तेजबली सिंह ने बताया कि इस वर्ष क्षेत्र में अपेक्षित वर्षा नहीं हुई है। हल्की और रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण धान की रोपाई समय पर नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नहर या अन्य स्थायी सिंचाई व्यवस्था नहीं होने से किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं खेतों में धान की रोपाई कर रहीं महिला मजदूर सावन के पारंपरिक कजरी गीत गाते हुए काम में जुटी हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद खेतों में लोकगीतों की गूंज ग्रामीण अंचल के पारंपरिक कृषि संस्कृति की झलक पेश कर रही है।





