Last Updated:
PV Sindhu: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने बृहस्पतिवार को चीन की विश्व में पांचवें नंबर की खिलाड़ी हान यू को सीधे गेम में हराकर जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जो उनका मौजूदा सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है.
पीवी सिंधु
तोक्यो: वर्ल्ड रैंकिंग में 10वें नंबर पर काबिज भारतीय खिलाड़ी पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपने से ऊंची रैंकिंग वाली प्लेयर को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. दूसरे राउंड के मैच में सिंधु का सामना चीनी शटलर हान यू से था. मैच केवल 35 मिनट तक चला, जिसमें सिंधु ने 21-16, 21-14 से मैदान मार लिया.
गैर-वरीयता प्राप्त सिंधु ने धीमी शुरुआत के बाद पहले गेम के बीच में लय हासिल की, उन्होंने शटल को सटीक रूप से हिट किया और रैलियों पर हावी होकर बढ़त बना ली. दो बार की ओलंपिक चैंपियन ने दूसरे गेम में पूरी तरह से दबदबा बनाया और 8-0 की लीड हासिल करने के बाद अपनी प्रतिद्वंद्वी को धराशायी कर दिया.
इसी के साथ पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु ने हान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है. इस 31 वर्षीय खिलाड़ी का अगला मुकाबला जापान की नोजोमी ओकुहारा से होगा, जिन्हें शीर्ष वरीयता प्राप्त दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी आन से-यंग के दूसरे दौर के मैच से हटने के बाद वॉकओवर मिल गया था.
तनीशा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की मिश्रित युगल जोड़ी के प्री-क्वार्टर फाइनल में बाहर होने के बाद सिंधु अब टूर्नामेंट में भारत की एकमात्र खिलाड़ी बची हैं. तनीशा और ध्रुव की भारतीय जोड़ी चीन की फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी से 47 मिनट में 20-22, 17-21 से हार गई.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रेटजी मेकिंग का रोल संभाल रहे अ…और पढ़ें






