मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी……

माँ शारदा परिवार सेवा ट्रस्ट, ओबरा द्वारा गुरुवार को मध्यप्रदेश के मैहर शक्तिपीठ धाम के ब्रह्मलीन पूर्व प्रधान पुजारी परम पूज्य श्री श्री 1008 देवी प्रसाद पांडेय जी महाराज के पावन अवतरण दिवस पर सेवा कार्य आयोजित किया गया। “नर सेवा ही नारायण सेवा” के सनातन सिद्धांत को आत्मसात करते हुए चोपन ब्लॉक के जुगैल क्षेत्र स्थित करजी टोला सहित विभिन्न जरूरतमंद बस्तियों में 111 राशन किट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बिल्ली स्थित माँ शारदा शक्ति मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद माँ शारदा परिवार के सदस्य राहत सामग्री लेकर करजी ग्राम पंचायत के सुदूर जनजातीय एवं आदिवासी बहुल क्षेत्र पहुंचे, जहां जरूरतमंद परिवारों को आटा, दाल, आलू, तेल, नमक सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री से युक्त राशन किट सम्मानपूर्वक वितरित की गई।

माँ शारदा परिवार सेवा ट्रस्ट ने मैहर धाम के वर्तमान प्रधान पुजारी श्री पवन पांडेय के मार्गदर्शन में इस वर्ष स्थानीय आयोजन के बजाय सीधे दूरस्थ जनजातीय और गरीब परिवारों तक सहायता पहुँचाने का निर्णय लिया। वापसी के दौरान रास्ते में मिले जरूरतमंद लोगों तथा बिल्ली-मारकुंडी क्रेशर क्षेत्र की गरीब बस्तियों में भी राशन सामग्री वितरित की गई। इसके अलावा बच्चों के बीच बिस्कुट, चिप्स और नमकीन बांटकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में माँ शारदा परिवार ओबरा के अध्यक्ष संतोष अग्रहरि सहित सूर्य नारायण अग्रहरि, तारकेश्वर केशरी, जेपी केशरी, लवकुश अग्रहरि, कुशय अग्रहरि, प्रदीप अग्रहरि, लक्ष्मी नारायण अग्रहरि, मनोज दूबे, विनीत पांडेय, उमाशंकर अग्रहरि, विजय वैश्य, राकेश अग्रहरि, अभिषेक अग्रहरि, अजय अग्रहरि, अरविंद अग्रहरि सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया। पूरे आयोजन में सेवा भावना और सामाजिक समर्पण की मिसाल देखने को मिली।





