@जे0 के0…..
— आदिवासी व जनसमस्याओं को लेकर सपा का प्रदर्शन, 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन डीएम को सौंपा

Sonbhadra। समाजवादी पार्टी, सोनभद्र द्वारा बुधवार को समाजवादी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री व्यास जी गौड़ के नेतृत्व में आदिवासी एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्यपाल के नाम 9 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।
ज्ञापन में जिले की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। व्यास जी गौड़ ने कहा कि रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के नगवां एवं कोन ब्लॉक के तरिया क्षेत्र में निजी कंपनियों द्वारा आदिवासियों की जमीन और जंगल पर कथित कब्जा कर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि आदिवासियों को उनकी जमीन और घरों से बेदखल न किया जाए तथा वन भूमि पर वर्षों से रह रहे मूल निवासियों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

साथ ही अमवार-कनहर परियोजना से विस्थापित परिवारों के समुचित पुनर्वास की व्यवस्था करने की भी मांग की। ज्ञापन में बालू एवं पत्थर खदानों में होने वाली दुर्घटनाओं की सीबीआई जांच कराने, श्रमिकों का एक करोड़ रुपये का जीवन बीमा कराने तथा जनजाति की आबादी के अनुपात में पंचायतों और सरकारी नौकरियों में आरक्षण लागू करने की मांग उठाई गई।
किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराने तथा निजी दुकानों पर खाद की कालाबाजारी रोकने की भी मांग की गई। इसके अलावा हर घर जल योजना के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने, पूर्व में कराए गए विकास कार्यों के शिलापट्ट बदलने की शिकायतों पर रोक लगाने तथा कम छात्र संख्या का हवाला देकर विद्यालय बंद किए जाने की प्रक्रिया रोकने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, राजेंद्र सिंह पटेल, रमेश चंद्र दुबे, रविंद्र बहादुर सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





