संवाददाता@अनिल अग्रहरी…..

डाला चौकी क्षेत्र के रेक्सहवां स्थित राष्ट्रीय जूनियर हाईस्कूल के पास बुधवार को एक लूना सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति को देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 और डाला चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजवाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।

वार्ड संख्या-8 के सभासद प्रतिनिधि सुरेश कुमार ने घायल के परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल की पहचान अभय प्रसाद (48 वर्ष) पुत्र मुनेश्वर प्रसाद, निवासी बिल्ली जंक्शन के पास, के रूप में की।
घटना के बाद सभासद प्रतिनिधि सुरेश कुमार और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की कि दुर्घटना स्थल पर बना स्पीड ब्रेकर अत्यधिक ऊंचा होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने स्पीड ब्रेकर के पास चेतावनी संकेतक (साइन बोर्ड), रिफ्लेक्टर तथा स्पष्ट स्पीड ब्रेकर संकेत लगाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।





