संवाददाता@विशाल टंडन….
प्रदेश महासचिव विवेक चतुर्वेदी बोले: पर्यावरण संरक्षण जन आंदोलन बने, संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने पर जोर

रॉबर्ट्सगंज स्थित सिंचाई डाक बंगला परिसर में बुधवार को राष्ट्रीय लोकदल युवा की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में युवा राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव विवेक चतुर्वेदी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत जिला महासचिव (संगठन) पवन शुक्ला ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत करते हुए की। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इसके बाद “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव विवेक चतुर्वेदी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल युवाओं को संगठन से जोड़कर समाजहित और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है।

उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करने का जनआंदोलन है। राष्ट्रीय लोकदल हमेशा से प्रकृति संरक्षण और जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में जिला महासचिव (संगठन) पवन शुक्ला, पूर्व प्रदेश सचिव रामसेवक पटेल, दीपक गुप्ता, सुशील पटेल, शिवम, गुड्डू माली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।





