पंचायत संवाददाता@विष्णु कुशवाहा…
..छपका पावर हाउस से वृद्धाश्रम तक जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे, स्थानीय लोगों ने मरम्मत की मांग उठाई

रॉबर्ट्सगंज के छपका पावर हाउस के बगल से वन विभाग होते हुए वृद्धाश्रम तक जाने वाली सड़क पिछले करीब एक साल से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

स्थानीय निवासी ओम प्रकाश ने बताया कि करीब एक साल से सड़क की हालत खराब है। जगह-जगह बने गड्ढों में बारिश का पानी जमा हो जाता है। पानी भरने के बाद सड़क और गड्ढे में अंतर नजर नहीं आता, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है।

कई बार अचानक वाहन गड्ढे में चले जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।स्थानीय निवासी सुरेश ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति से दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी होती है।

बारिश के दौरान पानी और गड्ढों के कारण लोगों को काफी संभलकर रास्ता तय करना पड़ता है। दोपहिया वाहन चालक गड्ढों से बचने के लिए कई बार सड़क के किनारे से निकलने को मजबूर होते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग छपका क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से वन विभाग और वृद्धाश्रम की ओर भी लोगों का आवागमन होता है। सड़क खराब होने से बुजुर्गों, पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी हो रही है।

लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर गड्ढों को भरने के साथ ही आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो समस्या और बढ़ सकती है।

