मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
…चिकित्सा सेवा में निष्ठा, समर्पण और मानवता के प्रति संवेदनशील रहने का लिया संकल्प

ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज (एएसएमसी), सोनभद्र में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत में भव्य व्हाइट कोट एवं चरक शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की मेजबानी महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. इजेन भट्टाचार्य ने की। समारोह में विद्यार्थियों ने सफेद एप्रन धारण कर चिकित्सा सेवा के प्रति निष्ठा, समर्पण और मानवता की सेवा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीके सिंह उपस्थित रहे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौमित्र चक्रवर्ती सहित महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक एवं संकाय सदस्य भी शामिल हुए।

मुख्य अतिथि डॉ. आरके मिश्रा ने कहा कि चिकित्सा पेशा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का महान अवसर है। चिकित्सकों को मरीजों के हित को सर्वोपरि रखते हुए संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए।

प्रधानाचार्य डॉ. इजेन भट्टाचार्य ने विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा, नैतिक मूल्यों और संस्थान के उद्देश्यों की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों को चरक शपथ दिलाई।

वहीं, डॉ. सौमित्र चक्रवर्ती ने अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं से अवगत कराया। समारोह का मुख्य आकर्षण व्हाइट कोट डोनिंग सेरेमनी रही, जिसमें अतिथियों एवं संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों को स्वयं सफेद कोट पहनाकर चिकित्सा जगत में उनके नए सफर की शुरुआत कराई।

कार्यक्रम का समापन संवेदनशील, कुशल और नैतिक चिकित्सक बनकर समाज को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के संकल्प के साथ हुआ।