संवाददाता@उमेश सिंह…..

अनपर थाना क्षेत्र के खोडिया गांव में खेत की मेड़ बंधी में डूबने से दो वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।जानकारी के अनुसार, कुलडोमरी टोला, खोडिया निवासी दरोगा सिंह गोंड की दो वर्षीय पुत्री मनीषा घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी।
इसी दौरान वह किसी तरह खेत की मेड़ बंधी में गिर गई और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।उस समय उसकी मां पास के खेत में काम करने गई हुई थी।कुछ देर बाद जब मां वापस लौटी तो मनीषा घर पर नहीं मिली।परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।तलाश के दौरान मां की नजर खेत की मेड़ बंधी पर पड़ी, जहां बच्ची का शव पानी में उतराता दिखाई दिया।

यह दृश्य देखते ही वह चीख-पुकार मचाते हुए बेहोश हो गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची के शव को पानी से बाहर निकाला।घटना की सूचना मिलते ही अनपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता दरोगा सिंह गोंड ने बताया कि उनके परिवार में दो बेटे और चार बेटियां हैं। मनीषा सबसे छोटी संतान थी। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।






