संवाददाता@विशाल टंडन….
— अपने भवन के इंतजार में होम्योपैथिक विभाग, छोटे कमरे से संचालित हो रहा जिला कार्यालय

जनपद का होम्योपैथिक विभाग आज भी अपने भवन का इंतजार कर रहा है। जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी कार्यालय रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के सामने स्वास्थ्य विभाग के पुराने भवन के एक छोटे से कमरे से संचालित हो रहा है। इसी कमरे में जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी सहित सभी कर्मचारी बैठकर पूरे जिले के प्रशासनिक कार्यों का संचालन करते हैं। कार्यालय के लिए पर्याप्त स्थान न होने से विभाग को कई तरह की व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

जिला स्तर की समीक्षा बैठक, कर्मचारियों की बैठक, प्रशिक्षण कार्यक्रम और अन्य प्रशासनिक गतिविधियों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। जब पूरे जनपद के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को किसी बैठक के लिए बुलाना पड़ता है तो विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ती है। इसके अलावा महत्वपूर्ण अभिलेखों और सरकारी दस्तावेजों के सुरक्षित रख-रखाव में भी कठिनाई होती है।
मरीजों और विभागीय कार्य से आने वाले लोगों के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होने से उन्हें भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। एक ही कमरे में अधिकारी और कर्मचारी बैठने से गोपनीय पत्राचार एवं प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में भी दिक्कतें आती हैं। जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सूर्य प्रकाश मणि त्रिपाठी ने बताया कि विगत कई वर्षों से विभाग पुराने चिकित्सालय भवन के एक छोटे से कमरे से संचालित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि होम्योपैथिक विभाग के नए कार्यालय भवन के निर्माण के लिए तियरा स्टेडियम के बगल भूमि आवंटित कर दी गई है। कार्यदायी संस्था के चयन को लेकर विभागीय स्तर पर पत्राचार किया जा चुका है। जल्द ही कार्यदायी संस्था का चयन होने के बाद बजट आवंटित किया जाएगा और नए भवन का निर्माण कार्य शुरू होगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नया भवन बनने के बाद विभाग को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी तथा कर्मचारियों और आमजन दोनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। तब तक विभाग वर्तमान छोटे कार्यालय से ही अपना कार्य संचालित करता रहेगा।





