संवाददाता@संदीप अग्रहरी…….
— विभागों ने पेश की प्रगति रिपोर्ट, जनप्रतिनिधियों ने उठाईं स्थानीय समस्याएं; ब्लॉक सभागार में अंधेरे पर जताई नाराजगी

स्थानीय विकास खंड सभागार में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत के वर्तमान कार्यकाल की अंतिम बैठक आयोजित हुई। बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, विभागवार कार्यों की प्रगति और आगामी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए जनप्रतिनिधियों से पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही के वाचन और सदन से अनुमोदन के साथ हुई। इसके बाद पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, सहकारिता, बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी कार्ययोजना से सदन को अवगत कराया। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कई सुझाव भी दिए।

खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने कहा कि ‘विकसित भारत’ अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराया जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण क्षेत्रों को हरित बनाया जा सके। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से लाभ दिलाने और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान कई क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ब्लॉक सभागार में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई। सदस्यों ने अंधेरे में बैठक कराने पर आपत्ति दर्ज कराते हुए भविष्य में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की।

बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद सरकार ब्लॉक प्रमुखों को भी प्रशासक की जिम्मेदारी देने पर विचार करेगी। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया।
बैठक में प्रेमचंद्र यादव, बुद्धिनारायण यादव, सीएचसी अधीक्षक डॉ. पी.एन. सिंह, एडीओ सहकारिता संतोष राय, एडीओ आईएसबी शिरीष त्रिपाठी, सीडीपीओ नागेंद्र कुमार भारती, एसडीओ शिवम गुप्ता, जमुना यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन एडीओ पंचायत अजय सिंह ने किया।





