संवाददाता@विशाल टंडन…..
— लाभांश बढ़ाने की मांग को लेकर कोटेदारों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, अगस्त में राशन वितरण बहिष्कार की चेतावनी

ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फेडरेशन, उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में सोमवार को जनपद के उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर लाभांश बढ़ाने और न्यूनतम आय लागू किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश के कोटेदार शासन के निर्देशानुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न का वितरण करते हैं, लेकिन उन्हें मात्र 90 रुपये प्रति क्विंटल का लाभांश मिलता है, जो अन्य राज्यों की तुलना में बेहद कम है। फेडरेशन का कहना है कि हरियाणा, दिल्ली, गोवा और गुजरात जैसे राज्यों में कोटेदारों को अधिक लाभांश अथवा न्यूनतम आय की गारंटी दी जा रही है, जबकि उत्तर प्रदेश के कोटेदार बढ़ती महंगाई के बीच आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश के लगभग 80 हजार कोटेदार अगस्त 2026 के खाद्यान्न वितरण का बहिष्कार करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे होने वाली असुविधा की जिम्मेदारी विभाग और शासन की होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि मांगें पूरी न होने की स्थिति में 28 जुलाई को सुबह 10 बजे लखनऊ के चारबाग स्थित रवीन्द्रालय के सामने से विधानसभा तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दौरान कोन ब्लॉक अध्यक्ष अवधेश कुमार, अजय विश्वकर्मा, अयोध्या प्रसाद, विनय कुमार कनौजिया, रणजीत कुमार, मनोज कुमार, सूर्यमनी भारती सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।





