संवाददाता@रामकेश यादव…..

करमा थाना क्षेत्र के ककराही में बुधवार शाम करीब पांच बजे तेज रफ्तार डंफर ने सड़क किनारे खड़े ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो के पास खड़े पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद डंफर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार ककराही निवासी गणेश गुप्ता (42) अपनी पत्नी उर्मिला देवी (40) के साथ घर के सामने मुख्य मार्ग मीरजापुर-शक्तिनगर पर खड़े ऑटो के पास अपने रिश्तेदार से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मीरजापुर की ओर से तेज गति से आ रहे डंफर ने खड़े ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पलट गया और उसके नीचे दबने से गणेश व उर्मिला घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को निजी साधन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ककराही पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घायलों के सिर, कंधे और सीने में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं। पुलिस फरार डंफर और उसके चालक की तलाश में जुटी है।