संवाददाता@विशाल टंडन…..

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाले समाधान दिवस (सम्भव) के तहत सोमवार को नगर पालिका परिषद सोनभद्र सहित जिले के सभी नगरीय निकायों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद सोनभद्र में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने की।
जनसुनवाई के दौरान नगर पालिका परिषद सोनभद्र में 1, नगर पंचायत घोरावल में 1, चुर्क-घुर्मा में 2, चोपन में 4, ओबरा में 4, रेनुकूट में 4, पिपरी में 4, दुद्धी में 2, डाला बाजार में 1 तथा अनपरा में 2 शिकायतें प्राप्त हुईं। इस प्रकार जिले के सभी नगरीय निकायों में कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और मार्ग प्रकाश से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं।

अधिकारियों ने सभी शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराने की कार्रवाई की। अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जनसुनवाई के दौरान जनप्रतिनिधि एवं नगर निकाय के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।





