@जे0 के0…….

Sonbhadra। बभनी थाना क्षेत्र के चक चपकी गांव में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक के घर में घुसकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर घर के पीछे की खिड़की की सरिया तोड़कर अंदर दाखिल हुए और करीब दो लाख रुपये नकद सहित सोने-चांदी के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह होने पर परिवार और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार चक चपकी गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक मगन राम तिवारी के परिवार के सभी सदस्य गुरुवार रात घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर पीछे की खिड़की तोड़कर घर में घुस गए। पूरी रात चोरों ने इत्मीनान से अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे सामान को खंगाला। हैरत की बात यह रही कि परिवार के किसी भी सदस्य को चोरी की भनक तक नहीं लगी।

शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। चोरी की सूचना मिलते ही गांव के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2023 में भी गांव में हुई एक बड़ी चोरी का पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर पाई। ताजा घटना के बाद लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे की मांग की है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।





