संवाददाता@उमेश सिंह….

न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अनपरा थाना पुलिस ने दो वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से न्यायालय में पेशी से बच रहे आरोपियों पर शिकंजा कसने में सफलता मिली है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया।
अनपरा प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए थाना क्षेत्र में वारंटियों और वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में पुलिस टीम ने नगर पंचायत अनपरा के वार्ड संख्या-18, अनपरा बाजार निवासी राकेश बर्नवाल पुत्र फूलदेव बर्नवाल को गिरफ्तार किया।राकेश बर्नवाल के विरुद्ध चेक बाउंस से संबंधित मामले में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था।

इसके अलावा सिनेमा रोड निवासी करन कुमार पुत्र जवाहर लाल को भी गिरफ्तार किया गया।करन कुमार के विरुद्ध अवैध शस्त्र अधिनियम के एक मामले में न्यायालय से वारंट जारी था।पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी काफी समय से न्यायालय में निर्धारित तिथियों पर उपस्थित नहीं हो रहे थे, जिसके चलते उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया था।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें उनके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को थाने लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई एवं मेडिकल परीक्षण के उपरांत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वाले वारंटियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, चौकी प्रभारी रेनुसागर उपनिरीक्षक फूलचंद निषाद तथा रिक्रूट कांस्टेबल मोहम्मद खलील की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को आगे भी प्रभावी ढंग से जारी रखा जाएगा, ताकि कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।





