संवाददाता@विशाल टंडन……
समाधान दिवस में आईं 20 शिकायतें, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले ‘समाधान दिवस (संभव)’ के तहत सोमवार को नगर पालिका परिषद सोनभद्र में जनसुनवाई का आयोजन अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार की अध्यक्षता में किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना रहा। जनसुनवाई के दौरान नगर पालिका परिषद सोनभद्र में 2, नगर पंचायत घोरावल में 1, चुर्क-घुर्मा में 2, चोपन में 4, ओबरा में 3, रेनुकूट में 1, पिपरी में 2, दुद्धी में 2, डाला बाजार में 1 तथा अनपरा में 2 शिकायतें प्राप्त हुईं।

इस प्रकार सभी निकायों में कुल 20 शिकायतें दर्ज की गईं।शिकायतें मुख्य रूप से साफ-सफाई, पेयजल, मार्ग प्रकाश एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित थीं। संबंधित अधिकारियों ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया तथा शेष मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान जनप्रतिनिधि, नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।





