संवाददाता@विशाल टंडन….
— अब तक 200 से 250 गोवंशों को लगाया गया रिफ्लेक्टर, रात में सड़क दुर्घटनाएं रोकने में मिलेगी मदद

जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और गोवंशों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग ने मुख्य मार्गों के आसपास विचरण करने वाले गोवंशों के गले में रिफ्लेक्टर बेल्ट लगाने का अभियान शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य रात के समय सड़क पर घूमने वाले गोवंशों को वाहन चालकों के लिए दूर से ही दिखाई देना सुनिश्चित करना है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शाम और रात के समय कई गोवंश खुले में निकलकर मुख्य सड़कों पर आ जाते हैं।

अंधेरे के कारण वाहन चालकों को ये समय रहते दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसे हादसों में गोवंशों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी गंभीर चोटें पहुंच सकती हैं तथा जान-माल का नुकसान होता है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा मुख्य मार्गों पर घूमने वाले गोवंशों की पहचान कर उनके गले में विशेष रिफ्लेक्टर बेल्ट पहनाई जा रही है।

रात में किसी वाहन की हेडलाइट इस बेल्ट पर पड़ते ही यह चमकने लगती है, जिससे चालक दूर से ही गोवंश को देखकर वाहन की गति नियंत्रित कर लेते हैं और दुर्घटना की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि अब तक जनपद में करीब 200 से 250 गोवंशों को रिफ्लेक्टर बेल्ट लगाई जा चुकी है। विभाग को बजट उपलब्ध होने पर इस अभियान का दायरा और बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक गोवंशों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि रिफ्लेक्टर बेल्ट का मुख्य उद्देश्य गोवंशों और वाहन चालकों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

पशुपालन विभाग ने मुख्य मार्गों के किनारे रहने वाले गोवंश पालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को खुले में सड़क पर न छोड़ें तथा उनकी सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टर बेल्ट अवश्य लगवाएं, ताकि सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।





