संवाददाता@विष्णु कुशवाहा……

आदर्श नगर पालिका परिषद सोनभद्र के वार्ड नंबर 1 और वार्ड नंबर 8 को जोड़ने वाली नई सीसी सड़क निर्माण के महज पांच से छह महीने बाद ही बदहाल हो गई है। सड़क की ऊपरी परत कई स्थानों पर उखड़ गई है और गिट्टियां बिखर जाने से राहगीरों व वाहन चालकों के लिए
स्थानीय निवासी आनंद ने आरोप लगाया कि सड़क का निर्माण कुछ माह पहले ही कराया गया था, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता ठीक नहीं होने के कारण सड़क समय से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गई। उनका कहना है कि सड़क पर फैली गिट्टियों के कारण विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

बारिश के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। सड़क पर जलभराव होने से गड्ढे और उखड़ी हुई सतह दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और सैकड़ों स्थानीय लोग आवागमन करते हैं। क्षेत्रवासियों का दावा है कि कई लोग सड़क पर फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नई सड़क का कुछ ही महीनों में उखड़ जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से सड़क की तकनीकी जांच कराने, दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
स्थानीय नागरिक आनंद, नंदकिशोर, दीपक सोनी सहित अन्य लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।






