मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी…….

ओबरा थाना क्षेत्र के खैराही स्थित कोयलिया नाला के पास मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बाइक अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई, जिससे युवक पानी में डूब गया और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मृतक की पहचान डगधहरा खैराही निवासी रामबरन गोंड (30) पुत्र धवल प्रसाद गोंड के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रामबरन मंगलवार सुबह घर से ओबरा नगर जाने की बात कहकर निकला था। इसी दौरान खैराही स्थित कोयलिया नाला के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि वह स्वयं को संभाल नहीं सका और पानी में डूब गया।

घटना की जानकारी उस समय हुई जब क्षेत्र में लकड़ी बीनने गए चरवाहों की नजर नाले में गिरी बाइक और युवक पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना परिजनों एवं पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से युवक को नाले से बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।






