ग्रामीण संवाददाता@विष्णु कुशवाहा……

रॉबर्ट्सगंज विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिलथरी अंतर्गत भरगावा गांव में जमीन से महज 4 से 5 फीट की ऊंचाई पर झूल रहा हाईटेंशन विद्युत तार ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका जताई है।
ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से हाईटेंशन तार नीचे लटक रहा है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। इससे गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण धनंजय सिंह ने बताया कि कई बार मवेशी तार के संपर्क में आने से हादसों का शिकार हो चुके हैं। खेतों में काम करने वाले किसानों और रास्ते से गुजरने वाले लोगों को भी हर समय सतर्क रहना पड़ता है।

ग्रामीण सूरज मौर्य ने बताया कि जिस स्थान पर हाईटेंशन तार झूल रहा है, उसके निकट ही प्राथमिक विद्यालय स्थित है। विद्यालय आने-जाने वाले बच्चे अक्सर आसपास खेलते रहते हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विभाग को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। वहीं अनिल मौर्य ने बिजली विभाग से मांग की है कि विद्युत लाइन की जांच कर मानकों के अनुरूप तार की ऊंचाई सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए।
उन्होंने कहा कि यह केवल तकनीकी खामी नहीं, बल्कि जनसुरक्षा से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे संबंधित अधिकारियों से मिलकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

इस दौरान संतोष, कुबेर, गोविंद, लाल बाबू, अमित कुमार, रोहित, मनोहर, जरा, शांति, पार्वती, संगीता, फूलमती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






