संवाददाता@विशाल टंडन….

केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद के सभी विकास खंडों में 14 से 16 जून तक आयोजित जनकल्याण एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ रविवार को विकास खंड रॉबर्ट्सगंज परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जनपद प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के लघु एवं सूक्ष्म उद्योग मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों को दिए जा रहे लाभों की समीक्षा भी की। कार्यक्रम में कक्षा-9 की छात्राओं को साइकिल वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया, वहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन देकर महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के प्रभावी संचालन में तकनीक की भूमिका पर बल दिया गया।

जनसभा को संबोधित करते हुए हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि जनपद के सभी ब्लॉकों में आयोजित इन मेलों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सीय परामर्श तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे, घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





