@जे0 के0….

Sonbhadra। डाला पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत डाला बारी से कजरहट को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग स्थित गोरादह पुलिया के नीचे शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रवि धरकर (लगभग 30 वर्ष) पुत्र राम गरीब, निवासी डाला बारी वैष्णो मंदिर के पीछे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह गाय चराने गए एक चरवाहे को पुलिया के नीचे से दुर्गंध आने पर संदेह हुआ। पास जाकर देखने पर उसे एक शव पड़ा दिखाई दिया।

चरवाहे ने तत्काल गांव लौटकर इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी डायल 112 एवं डाला पुलिस चौकी को दी गई।

सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस एवं डाला पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा युवक की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।





