@जे0 के0…..

Sonbhadra। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के सरडीहा गांव में सोमवार सुबह सिंचाई के लिए बिजली का तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सरडीहा निवासी बीरबल (36 वर्ष) पुत्र लक्ष्मण सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे खेत की सिंचाई के लिए बिजली का तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान वह अचानक प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से मिली सूचना पर दुद्धी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया : मृतक बीरबल अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और दो बेटियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वह मेहनत-मजदूरी और खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे सरडीहा गांव में मातम का माहौल है।





