संवाददाता@विशाल टंडन…..
— लोढ़ी में 100 गर्भवती महिलाओं को वितरित की गई पोषण पोटली

रॉबर्ट्सगंज विकास खंड के ग्राम लोढ़ी स्थित पंचायत भवन में बुधवार को गर्भवती महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के उद्देश्य से निःशुल्क पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कुंज इनोवेशन ट्रस्ट, सोनभद्र द्वारा भारत सरकार के उपक्रम नेशनल शेड्यूल्ड कास्ट्स फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन, नई दिल्ली के सीएसआर सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख रॉबर्ट्सगंज अजीत रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान 100 गर्भवती महिलाओं को मूंगफली, सोयाबीन, राजमा, गुड़ और लाई जैसी पौष्टिक खाद्य सामग्री से युक्त पोषण पोटली वितरित की गई। अजीत रावत ने कहा कि सरकार विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा इस प्रकार के कार्यक्रम मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में सहायक हैं।

भाजपा नेत्री प्रमिला जायसवाल ने महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। पूर्व ग्राम प्रधान शमशेर बहादुर ने गर्भावस्था और बच्चे के जन्म के बाद के शुरुआती 1000 दिनों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की विस्तृत जानकारी दी। वहीं विशेषज्ञों ने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।
एनएसएफडीसी लखनऊ से आए उप प्रबंधक रविंद्र नाथ गौण ने बताया कि सीएसआर के तहत पोषण पोटली वितरण किया जा रहा है और भविष्य में भी विभागीय योजनाओं का लाभ जनपदवासियों तक पहुंचाया जाएगा। ट्रस्ट की पदाधिकारी संजू कुशवाहा एवं मृत्युंजय ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य कुपोषण की रोकथाम तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।
महिलाओं को पोषण संबंधी जागरूकता पोस्टर एवं लीफलेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का संदेश रहा— “स्वस्थ माता, स्वस्थ बच्चा, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज का निर्माण।”





