Last Updated:
Daayra Vs Vibe: 18 सितंबर को कुणाल खेमू और करीना कपूर की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर टकराईं. दोनों फिल्मों का जॉनर बिलकुल अलग था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर दोनों का एक सा हश्र हुआ. करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘’दायरा’’ बुरी तरह पस्त हो गई. पहले ही हफ्ते में फिल्म का बुरा हाल हो गया. तो चलिए जानते हैं कि ‘वाइब’ और ‘’दायरा’’ का बॉक्स ऑफिस पर कैसा हाल रहा.
नई दिल्ली. पिछले हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर दो हिंदी फिल्मों ने दस्तक दी. एक तरफ जहां कुणाल खेमू और प्रीति जिंटा की फिल्म वाइब रिलीज हुई. वहीं दूसरी तरफ करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की ‘दायरा’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दी. एक तरफ जहां कुणाल खेमू ने खुद ही निर्देशन की कमान संभाली, वहीं दूसरी तरफ करीना की फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है.
एक साथ थिएटर्स में रिलीज हुई इन दोनों फिल्मों का हश्र भी एक सा हुआ. मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी क्राइम-थ्रिलर ‘दायरा’ की बात करें तो फिल्म पहले ही हफ्ते में पस्त हो गई. एनकाउंटर के इर्द-गिर्द बुनी गई कहानी में मेघना ने साउथ और बॉलीवुड के एक्टर्स को कास्ट कर इसे पैन इंडिया लेवल पर पेश किया.
‘दायरा’ में दो पुलिस अफसर एक-दूसरे के आमने-सामने खड़े होते है. जहां करीना कपूर ने ऐसी पुलिस अफसर का रोल अदा किया है जो कानून के दायरे में रहकर अपना काम करती है. वहीं दूसरी तरफ उनका सामना पृथ्वीराज सुकुमारन से होता है जो अपराधियों का एनकाउंटर करता है, लेकिन उसके तरीके पर सवाल खड़े होते हैं और अब इसपर कार्रवाई होती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार ‘दायरा’ ने 1 करोड़ रुपये के साथ शुरुआत की थी. दूसरे दिन यानी कि पहले शनिवार को फिल्म ने महज 1.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. रविवार को फिल्म का कलेक्शन 1.75 करोड़ रुपये ही रहा. पहले ही वीकेंड में करीना कपूर और पृथ्वीराज की फिल्म का दम निकल गया. ये बॉक्स ऑफिस पर पस्त हो गई.
अब अगर वीकडेज की बात करें तो वीकेंड में खराब रिस्पांस मिलने के बाद वीक डेज में फिल्म का कलेक्शन लाखों में सिमट कर रह गया. सोमवार और मंगलवार को फिल्म ने महज 50 लाख रुपये का बिजनेस किया. दूसरी वीकेंड में भी फिल्म ने रेंगते-रेंगते कमाई की. करीना कपूर की फिल्म ‘’दायरा’’ ने शक्रवार को 13 लाख रुपये का बिजनेस किया. वहीं शनिवार को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 22 लाख का कलेक्शन दर्ज किया. ‘’दायरा’’ का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 10.13 करोड़ रुपये हो चुका है.
कुणाल खेमू और प्रीति जिंटा की फिल्म ‘वाइब’ की कमाई में बीते शनिवार को भारी उछाल दर्ज किया गया. वीक डेज में धीमी रफ्तार से रेंगने के बाद वाइब ने शनिवार को बंपर कमाई की. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म के कलेक्शन में 80 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया.
9वें दिन कुणाल खेमू की कॉमेडी फिल्म ने 0.90 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है. इसी के साथ फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 15.09 करोड़ रुपये जा पहुंचा है. फिल्म का नेट कलेक्शन 12.65 करोड़ रुपये जा पहुंचा है.
अब अगर वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने 2.05 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है. इसके साथ ही फिल्म का ग्रॉस वर्ल्डवाइड कलेक्शन 17.14 करोड़ रुपये जा पहुंचा है. कमाई के मामले में कुणाल खेमू और प्रीति जिंटा की कॉमेडी फिल्म ‘वाइब’ ने ‘’दायरा’’ को पीछे छोड़ दिया है.

