@जे0 के0…….

Sonbhadra । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा के अंतिम दिन बुधवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर 8 जून से दो पालियों में आयोजित हो रही परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अंतिम दिवस पर डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, चेकिंग एवं फ्रिस्किंग, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्र एवं गोपनीय सामग्री की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अव्यवस्था अथवा सुरक्षा संबंधी चुनौती की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं तथा प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है।





