@जे0 के0…..

Sonbhadra । किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा द्वारा संचालित “पेड़ है तो प्राण है” अभियान के अंतर्गत जनपद के सुदूर वनवासी क्षेत्र सोमा ग्राम पंचायत में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, वन संपदा संवर्धन, सोनभद्र में तेंदुआ सफारी की स्थापना तथा कृषि वानिकी विश्वविद्यालय की मांग जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
जन चौपाल के दौरान किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र की सबसे गंभीर समस्या पेयजल संकट है। उनका कहना था कि सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन और हर घर नल योजना के बावजूद आज तक उन्हें स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने बताया कि वे आज भी नाले और तालाबों के पानी को कपड़े से छानकर पीने को मजबूर हैं। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों की समस्या सुनकर संदीप मिश्रा ने मौके पर ही जिलाधिकारी एवं जल निगम के अधिकारियों से वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि वनवासी क्षेत्रों के लोग स्वच्छ पेयजल के लिए तरस रहे हैं तो यह शासन और प्रशासन की गंभीर विफलता है।

संदीप मिश्रा ने मांग की कि सोमा ग्राम पंचायत के लोगों को जल्द से जल्द स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ग्रामीणों के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट पर व्यापक जन आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जल निगम और जिला प्रशासन की होगी।
जन चौपाल में आकाश चौहान, शत्रुघ्न बिंद, विजय चौहान, बिंदु खरवार, मुखलाल चेरो, सुष्मिता धनगर, दिनेश चेरो, नागेंद्र धनगर, आकाश, राज, राधा, कन्हैया लाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





