@जे0 के0…..

Sonbhadra। चोपन थाना क्षेत्र के एसीपी टोल प्लाजा मालोघाट गुरमुरा पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौत हो गई। अनियंत्रित ट्रेलर टोल प्लाजा के दो डिवाइडरों को तोड़ते हुए पोल से जा भिड़ा, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब छह बजे ट्रेलर अचानक नियंत्रण खो बैठा और टोल प्लाजा पर बने दो डिवाइडरों को क्षतिग्रस्त करते हुए एक पोल से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
टोल प्लाजा कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेलर के केबिन में फंसे चालक राकेश कुमार (29 वर्ष) पुत्र विश्वनाथ, निवासी अनपरा को बाहर निकाला और तत्काल एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजा। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। चालक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।





