संवाददाता@विशाल टंडन….

पन्नूगंज थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री के लापता होने के संबंध में कोतवाली रॉबर्ट्सगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के अनुसार, महिला की पुत्री 29 मई को रॉबर्ट्सगंज स्थित हाइडिल मैदान में चल रही प्रदर्शनी में जलपरी के रूप में कार्य करने के लिए आई थी।
अगले दिन परिजनों को सूचना मिली कि लड़की रात से ही लापता है। सूचना मिलने पर उसकी मां तत्काल रॉबर्ट्सगंज पहुंची और विभिन्न स्थानों पर पुत्री की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। खोजबीन के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि करमा थाना क्षेत्र का एक युवक उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

परिजनों ने जब युवक के घर जाकर जानकारी की तो पता चला कि युवक भी घर से गायब है। इसके बाद परिजनों की आशंका और बढ़ गई। पीड़ित मां ने कोतवाली रॉबर्ट्सगंज पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपते हुए पुत्री की शीघ्र बरामदगी तथा आरोपी युवक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है। मामले को लेकर परिजन चिंतित हैं और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले में राबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है आगे मामले की विवेचना जारी है।





