संवाददाता@विशाल टंडन…..

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को उपायुक्त उद्योग सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी ने की, जिसमें जनपद के उद्यमियों, व्यापारियों एवं बैंकर्स ने भाग लिया।कार्यक्रम में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

इनमें मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्तपोषण सहायता योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, ओडीओपी प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना तथा तकनीकी उन्नयन योजना प्रमुख रहीं। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं और उद्यमियों को स्वरोजगार एवं उद्योग स्थापना के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
बैठक में हाल ही में शुरू की गई ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना पर भी चर्चा हुई। इसके अंतर्गत सोनभद्र जनपद के लिए गुलाब जामुन को पारंपरिक व्यंजन के रूप में चिन्हित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि व्यंजनों की गुणवत्ता, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और शेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए मानक रेसिपी मैन्युअल विकसित किए जाएंगे।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण रॉबर्ट्सगंज ओ.पी. गुप्ता ने उद्यमियों को विद्युत कनेक्शन, लोड क्षमता और नए पावर कनेक्शन संबंधी जानकारी दी। कार्यक्रम में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता, कौशल शर्मा, विनय जायसवाल, शरद जायसवाल, आनंद प्रताप जायसवाल, विमल अग्रवाल, कृष्ण कुमार तथा नितिन प्रकाश सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।





