Last Updated:
PV Sindhu Indonesia Open: पीवी सिंधु इंडोनेशिया ओपन के प्री क्वार्टर फाइनल में आन से यंग से 17-21, 14-21 से हारीं, कोरियाई खिलाड़ी के खिलाफ उनकी लगातार दसवीं हार हुई.
इंडोनेशिया ओपन में दुनिया की नंबर एक प्लेयर से हारकर बाहर हुईं पीवी सिंधु
जकार्ता: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु को लगातार दूसरे सप्ताह विश्व की नंबर एक खिलाड़ी आन से यंग से हार का सामना करना पड़ा, जिससे वह गुरुवार को यहां इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गईं.
सिंधु पिछले सप्ताह सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी से हार गई थीं. सिंधु ने इंडोनेशिया ओपन के राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया और आखिर में 17-21, 14-21 से हार गईं.
इस हार से सिंधु की ओलंपिक चैंपियन के खिलाफ हार का सिलसिला 10 मैच तक बढ़ गया. भारतीय खिलाड़ी अभी तक आन के खिलाफ एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाई है.
पहले गेम के शुरू में दोनों खिलाड़ियों ने एक दूसरे के सामने कड़ी चुनौती पेश की. एक समय स्कोर 10-10 पर बराबर था. इस दौरान सिंधु ने अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म की झलक दिखाई और कोरियाई खिलाड़ी पर दबाव बनाने में कामयाब रहीं.
सिंधु अपने आक्रामक स्ट्रोकप्ले के दम पर 15-14 से आगे निकल गई, लेकिन आन ने अपने खास अंदाज में जवाब देते हुए लगातार अंक हासिल किए और 19-16 की बढ़त बना ली. इसके बाद कोरियाई खिलाड़ी ने लगातार दो अंक जीते और पहला गेम अपने नाम कर लिया. इस दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच 41 शॉट की रैली भी देखने को मिली.
आन ने दूसरे गेम में आक्रामक शुरुआत की और 13-6 की बढ़त हासिल कर ली. भारतीय खिलाड़ी ने इसके बावजूद प्रत्येक अंक के लिए संघर्ष जारी रखा, उन्होंने इस बीच कुछ महत्वपूर्ण अंक भी हासिल किए, लेकिन आन का कोर्ट कवरेज अच्छा था और उन्हें मैच जीत कर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई.
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. यहां स्पोर्ट्स कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल डायरेक्शन एंड स्ट्रेटजी मेकिंग का रोल संभाल रहे अ…और पढ़ें






