@जे0 के0……

Sonbhadra । जनपद में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए सोनभद्र पुलिस लगातार सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर फ्रॉड के दो मामलों में कुल 68,684.68 रुपये की धनराशि पीड़ितों के बैंक खातों में वापस कराई गई।
जानकारी के अनुसार, थाना अनपरा की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार काशी मोड़, अनपरा निवासी संजय शर्मा के खाते से धोखाधड़ी के जरिए निकाली गई 62,220.68 रुपये की राशि सफलतापूर्वक वापस कराई। वहीं थाना रायपुर की साइबर टीम ने एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और चंदौली जनपद के बबुरी निवासी शशिकांत केशरी की साइबर ठगी में गई 6,464 रुपये की रकम उनके खाते में वापस दिलाई।

पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के माध्यम से कुल 68,684.68 रुपये की धनराशि वापस कराई गई। राशि प्राप्त होने पर दोनों पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) तथा संबंधित थाना साइबर टीमों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन और एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।





