संवाददाता@विशाल टंडन…..

रॉबर्ट्सगंज नगर के प्रमुख स्थल स्वर्ण जयंती चौक पर मंगलवार को सोन कप आयोजन समिति, सोनभद्र के तत्वावधान में भव्य संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भक्तगण एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा वातावरण जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे मुख्य यजमान दुर्गा सिंह द्वारा आचार्यों की उपस्थिति में भगवान बजरंगबली की विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। पूजन के पश्चात आचार्यों और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ किया। मधुर भजनों, चौपाइयों और दोहों की प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्रद्धालु पूरे समय भक्ति भाव से पाठ में सम्मिलित रहे तथा भगवान हनुमान के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

आयोजन के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा। सुंदरकांड पाठ की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में सभी वर्गों के लोगों ने सहभागिता कर सामाजिक समरसता और धार्मिक एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर सोन कप आयोजन समिति के अध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल ने कहा कि सुंदरकांड पाठ भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है।
ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा लोगों को नैतिक मूल्यों और सेवा भाव के प्रति प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि समिति खेल गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य भी कर रही है। भविष्य में भी जनहित एवं धर्म-संस्कृति से जुड़े आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम में समिति के सचिव राजेश यादव, संतोष सिंह, राजन गुप्ता, विराट पाठक, अभिषेक पाठक, शिवनारायण सिंह सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सफल आयोजन पर उपस्थित लोगों ने समिति की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।





